IPL- Indian Pain League

क्या यह एक क्रूर मज़ाक नहीं है? एक तरफ़ भारत जैसा विकासशील देश—जो अब भी अपनी ज़रूरतों के लिए कई हद तक बाहरी संसाधनों पर निर्भर है, और आत्मनिर्भर बनने का सपना शायद 2047 तक का लक्ष्य बनाकर चल रहा है… और दूसरी तरफ़ ज़मीन पर खड़ा आम इंसान—जो आज भी इस चिंता में जी रहा है कि उसे समय पर पेट्रोल, डीज़ल या रसोई गैस मिलेगी भी या नहीं। कुछ बड़े शहरों में आज भी लोग लाइनों में खड़े हैं—

गैस सिलेंडर के लिए, ईंधन के लिए उनकी रोज़मर्रा की ज़िंदगी अनिश्चितताओं में घिरी हुई है।

और इसी देश में एक दूसरी तस्वीर भी है—जहाँ कुछ धनाढ्य लोगों की एक छोटी-सी दुनिया है, जिनके पास अकूत संपत्ति है…और जिनके लिए ये सारी परेशानियाँ सिर्फ़ “खबरें” हैं, हकीकत नहीं।

सवाल उठता है—क्या आम आदमी की समस्याएँ सच में प्राथमिकता हैं? जब एक तरफ़ लोग अपनी बुनियादी ज़रूरतों के लिए संघर्ष कर रहे हों, तो क्या दूसरी तरफ़ चमक-दमक, बड़े आयोजन और मनोरंजन ही हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए?

Indian Premier League जैसे आयोजनों से क्या वास्तव में आम जनता को राहत मिल रही है? या यह सिर्फ़ एक ऐसा माध्यम बन गया है जहाँ से पैसा एक सीमित वर्ग के बीच घूमता रहता है?

क्या इससे देश को ठोस राजस्व मिल रहा है जो सीधे आम लोगों के जीवन को बेहतर बनाए या यह भी धीरे-धीरे “मनी ड्रेन” का एक और साधन बनता जा रहा है—जहाँ आम आदमी की जेब से पैसा निकलकर कुछ गिने-चुने हाथों में सिमट जाता है?

यह सवाल सिर्फ़ किसी एक आयोजन या व्यवस्था पर नहीं है— यह उस सोच पर है जहाँ प्राथमिकताएँ तय होती हैं।

क्या हम एक ऐसे भारत की ओर बढ़ रहे हैं जहाँ विकास का अर्थ सिर्फ़ चमक-दमक रह जाएगा या हम सच में एक ऐसा देश बनाना चाहते हैं जहाँ हर नागरिक की बुनियादी ज़रूरतें पहले पूरी हों क्योंकि असली विकास वही है जहाँ लाइन में खड़ा आखिरी इंसान भी यह भरोसा रख सके कि उसका कल सुरक्षित है।

अगर इतनी अकूत संपत्ति रखने वाले लोग चाहें… तो तस्वीर बदल सकती है।

मेरा सीधा-सा सवाल है—अगर हर मैच से होने वाली कमाई का सिर्फ़ एक हिस्सा…मान लीजिए CSR के बराबर 20–25% ही…हर राज्य के आम लोगों की बुनियादी ज़रूरतों पर खर्च किया जाए— तो क्या देश की हालत बेहतर नहीं हो सकती?

Indian Premier League सिर्फ़ एक खेल नहीं,एक बहुत बड़ा आर्थिक मंच है। हर मैच में करोड़ों का लेन-देन होता है—ब्रॉडकास्ट, स्पॉन्सरशिप, टिकट, विज्ञापन… तो क्या यह संभव नहीं कि इस कमाई का एक तय हिस्सा सीधे जनता के जीवन को बेहतर बनाने में लगे?

  • कहीं गैस सिलेंडर सस्ता हो

  • कहीं ईंधन की राहत मिले

  • कहीं गाँवों में बुनियादी सुविधाएँ मजबूत हों

अगर ऐसा हो—तो सिर्फ़ मनोरंजन नहीं, यह एक “राष्ट्र निर्माण” का माध्यम बन सकता है। तब शायद हर छक्का, हर चौका सिर्फ़ तालियों के लिए नहीं, बल्कि किसी के जीवन में बदलाव का कारण बनेगा।

और सच कहूँ—अगर ऐसा मॉडल लागू हो जाए, तो मैं ही नहीं…लाखों लोग पूरे आईपीएल सीज़न को और भी गर्व के साथ देखेंगे क्योंकि तब यह सिर्फ़ खेल नहीं रहेगा—यह एक ज़िम्मेदारी बन जाएगा।

और अगर आम आदमी को जब तक राहत नहीं मिलती तब तक मैं इस आईपीएल के संस्करण का पूरी तरह से विरोध करता हूँ। 

Comments

Popular posts from this blog