“धर्मेंद्र नहीं रहे!” — और फिर जो हुआ…
12 नवंबर 2025, दोपहर 1 :43 pm से 3:30 बजे तक की सच्चाई
"धर्मेंद्र जी जीवित हैं, स्वस्थ हो रहे हैं, और उनका परिवार उनके स्वास्थ्य पर नियमित जानकारी दे रहा है।"
लेकिन कुछ घंटे पहले, सोशल मीडिया पर यह “ख़बर” आग की तरह फैली — “The great legend Dharmendra is no more.”
और फिर, जैसे किसी ने बटन दबा दिया हो, बड़े-बड़े न्यूज़ चैनल, खुद को खोजी पत्रकार कहने वाले यूट्यूबर्स, फेसबुक-इंस्टा के महारथी, और स्टेटस लगाने वाले हर उम्र के लोग — बच्चे, जवान, अधेड़, बूढ़े, महिला, पुरुष — सब एक साथ सक्रिय हो गए।
किसी ने सत्यापन नहीं किया। किसी ने परिवार से नहीं पूछा। बस “Breaking News” का मोह इतना गहरा था कि “सच की तह तक जाने” की जरूरत किसी को महसूस ही नहीं हुई। यही तो आज के सोशल मीडिया युग की सच्चाई है — सूचना नहीं, सबसे पहले सूचना देने की होड़।
“मृत्यु अटल है, पर अफवाहें उससे भी तेज़”
मृत्यु जीवन का अंतिम सत्य है। उसे टाला जा सकता है, नकारा नहीं जा सकता। लेकिन सवाल यह है कि जब किसी की मौत तय समय से पहले “घोषित” कर दी जाती है, तो यह जल्दबाज़ी आखिर किसलिए? क्या यह खबर साझा करने का फितूर कभी रुकेगा?
शायद नहीं।
क्योंकि यह अब आदत नहीं, एक नशा बन चुका है।
सूचना का सागर, पर सत्य की प्यास
आज सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म — इंस्टाग्राम, फेसबुक, व्हाट्सऐप और न जाने कितने — सूचनाओं से भरे पड़े हैं।
हर कोई “जानकारी साझा” कर रहा है, पर किसी को फर्क नहीं पड़ता कि वह जानकारी सच्ची है या नहीं।
लोग रील्स बनाते हैं, शॉर्ट्स डालते हैं, पॉडकास्ट करते हैं — सब कुछ कहने की आज़ादी है, पर जिम्मेदारी का कहीं नामो-निशान नहीं।
कई बार ये झूठी बातें सिर्फ अफवाह नहीं रहतीं — लोग इन्हें मान लेते हैं, और उन पर अमल तक कर बैठते हैं।
घर-घर तक यह संक्रमण फैल चुका है। बहुत सारी पुरानी वीडियोज़ फ़ोटोज़ तोड़ मरोड़ कर पेश की जाती हैं जिसमे आलू से सोना वाला बहुत फेमस है। Doctored Videos , concocted stories , morphed images etc can malign someone's career, someone's future.
पॉडकास्ट का नया “सच”
आजकल पॉडकास्ट एक नया ट्रेंड है। हर कोई बोलना चाहता है, अपनी “रीच” जानना चाहता है।
कई लोग सिर्फ यह देखने के लिए एक “तुक्का” फेंकते हैं कि कितने लोग उस पर विश्वास करते हैं।
और यही इस युग की सबसे खतरनाक बात है — हम सुनते नहीं, बस फैलाते हैं।
🙏 थोड़ा ठहरिए... और सोचिए
मैं खुद भी इस लहर से अछूता नहीं हूँ।
कई बार मैं भी किसी खबर को सबसे पहले साझा करने की चाह में बह जाता हूँ — जैसे हाल ही में भारतीय महिला टीम की विश्व कप जीत की खबर सेकंडों में पोस्ट कर दी थी।
पर अब सोचता हूँ — क्या इससे किसी को फर्क पड़ा?
शायद नहीं।
जरूरत है एक जिम्मेदार समाज की
अब वक्त है कि कोई सक्रिय एजेंसी या व्यवस्था बने जो बिना प्रमाण वाली खबरें रोक सके।
क्योंकि अफवाहें सिर्फ भ्रम नहीं फैलातीं — वे भरोसे को भी मार देती हैं।
सोचिए — धर्मेंद्र जैसे जीवित व्यक्ति को मरने की “खबर” मिलती है, और परिवार को सफाई देनी पड़ती है।
क्या यही हमारी संवेदनशीलता है?
समाप्ति में एक विनम्र निवेदन:
साझा करें, ज़रूर करें — लेकिन सत्यापन के बाद।
क्योंकि खबर फैलाने से पहले सोच लेना ही आज के डिजिटल युग का सच्चा धर्म है।
बहुत कुछ कहना बाकी भी है कुछ जल्दी में लिखा है मैंने । थोड़े फुरसत के क्षण में । इसपर विशेष चर्चा भी करनी जरूरी है और करेंगे भी शायद मौका मिल तो ।
अपनी बेबाक राय इस संदर्भ में जरूर रखें।
Comments
Post a Comment